बड़वानी/नागलवाड़ी पुलिस एवं जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से थाना नागलवाड़ी क्षेत्र के ग्राम साली टांडा में “जनसंवाद – आपकी बात, पुलिस के साथ” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें थाना नागलवाड़ी क्षेत्र के 27 गांवों के सरपंच, वारती पटेल, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने दुष्यंत कुमार की प्रसिद्ध पंक्तियां—
“ले मशालें चल पड़े हैं लोग मेरे गांव के,
अब अंधेरा जीत लेंगे लोग मेरे गांव के…”
—के माध्यम से ग्रामीणों में जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया।
उन्होंने अपने प्रेरणादायी वक्तव्य में कहा—
“ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र हमारे समाज की शक्ति हैं। यदि गांव का युवा शिक्षित, जागरूक और नशामुक्त होगा तो वही आने वाले समय में देश और समाज का नेतृत्व करेगा। पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का कार्य नहीं करती, बल्कि समाज को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने का भी दायित्व निभाती है। बच्चों को शिक्षा से जोड़ना, युवाओं को नशे से दूर रखना और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने आगे कहा कि “आज अपने लिए पढ़ेंगे, तो कल देश का नाम रोशन करेंगे” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।
साइबर अपराधों से बचाव हेतु किया जागरूक
कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोई भी व्यक्ति यदि पुलिस, सीबीआई अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर फोन पर डराने, ओटीपी मांगने या पैसों की मांग करे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई, जिससे समय रहते राशि होल्ड कराई जा सके।
स्थानीय जनजातीय भाषा में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब ग्रामीणों से सीधे जुड़ाव स्थापित करते हुए स्थानीय जनजातीय भाषा में नशामुक्ति एवं शिक्षा को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में “नशे से दूरी, शिक्षा है जरूरी, गांव के विकास के लिए” का संकल्प लिया।
यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक, हेलमेट वितरित
यातायात प्रभारी बड़वानी श्रीमती रजनी भार्गव द्वारा उपस्थित जनसमूह को यातायात नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं जीवन सुरक्षा के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा हेलमेट का वितरण भी किया गया।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित सुझाव एवं शिकायतें रखी गईं, जिनके त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।







