बड़वानी। पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण जोन, इन्दौर) द्वारा क्षेत्र में अवैध आर्म्स, अवैध शराब, मादक पदार्थों और समस्त अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना वरला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी नारायण रावल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके पास से 02 अवैध पिस्टल जब्त करने में सफलता हासिल की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
दिनांक 08.07.2026 को थाना प्रभारी नारायण रावल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम उमर्टी का एक व्यक्ति सफेद रंग की बरसाती थैली में अवैध हथियार छुपाकर बेचने की फिराक में बलवाड़ी से हिंगवा रोड की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया और सउनि. महेंद्रसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम को कार्रवाई हेतु रवाना किया गया।
गेहूं के अंदर छुपा रखी थी पिस्टल
पुलिस टीम ने बलवाड़ी-हिंगवा रोड पर मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम सावन सिंह पिता भगतसिंह भाटिया (उम्र 40 वर्ष), जाति सिकलीगर, निवासी ग्राम उमर्टी बताया। जब पुलिस टीम द्वारा उसके पास मौजूद सफेद बरसाती थैली की तलाशी ली गई, तो उसमें गेहूं भरे हुए थे। गेहूं के अंदर गहराई से जांच करने पर पारदर्शी थैलियों में छुपाकर रखी गई 02 अवैध पिस्टल बरामद हुईं।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही पंचों के समक्ष विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी को धारा 25(1)(ए) आर्म्स एक्ट संशोधन अधिनियम 2019 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से उक्त अवैध हथियारों के स्रोत और खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ व विवेचना की जा रही है।





