पुलिस कप्तान (पुलिस अधीक्षक) श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल नेतृत्व में बड़वानी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभिनव अभियानों का अध्ययन करने हेतु अमेरिका/ब्रिटेन से आए ‘प्रोफेसर ऑफ सॉल्यूशन ओरिएंटेड पुलिसिंग’ रुआन पेरेरा ने बड़वानी जिले का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बड़वानी पुलिस के नवाचारों, विशेषकर ‘3D और 3S मिशन’ की जमीनी समीक्षा की और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर जनजातीय समुदाय से सीधा संवाद स्थापित किया।
कुरीतियों के खिलाफ पहल करने वाले परिवारों से की मुलाकात
भ्रमण के दौरान प्रोफेसर पेरेरा ने उन ग्रामीण जनजातीय परिवारों से आत्मीय मुलाकात की, जिन्होंने बड़वानी पुलिस के ‘3D मिशन’ से प्रेरित होकर ‘बिना दहेज, बिना दारू और बिना डीजे’ के अपने बच्चों का विवाह सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया है। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले इन परिवारों के साहसिक कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
छात्रों से संवाद और जन-संवाद कार्यक्रम
प्रोफेसर पेरेरा ने थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम पीपरकुंड स्थित जनजातीय छात्रावास का भ्रमण किया। वहाँ उन्होंने अध्ययनरत बच्चों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके साथ समय बिताया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण अंचलों में चौपाल लगाकर स्थानीय नागरिकों से जन-संवाद किया।
“भारत की कम्युनिटी पुलिसिंग ब्रिटेन से कहीं बेहतर” — प्रो. पेरेरा
बड़वानी पुलिस के कार्यों और जन-सहभागिता से प्रभावित होकर प्रो. रुआन पेरेरा ने कहा:
> “बड़वानी (मध्य प्रदेश) भारत के सबसे सुंदर और मनमोहक क्षेत्रों में से एक है। ब्रिटेन (UK) में कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़े होने के नाते मेरे लिए यहाँ की कार्यप्रणाली को देखना बेहद प्रेरणादायक रहा। भारत में पुलिस जिस संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ स्थानीय समुदाय से जुड़ रही है, वह वास्तव में सराहनीय है। यूके की तुलना में यहाँ की जन-पुलिसिंग अधिक प्रभावी और आत्मीय है।
> विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के सही मार्गदर्शन, नशामुक्त समाज निर्माण, साइबर सुरक्षा जागरूकता और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में बड़वानी पुलिस की यह पहल अनुकरणीय है, जिससे वैश्विक स्तर पर सीखने के लिए बहुत कुछ है।”
>*पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि बड़वानी पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ समाज में व्यापत सामाजिक कुरीतियों को दूर करना और जन-विश्वास को मजबूत बनाना है। प्रोफेसर पेरेरा के इस भ्रमण से बड़वानी पुलिस के इन नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

keyboard_arrow_up
Skip to content