पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी (SDOP) सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन व नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों एवं अपराधियों के विरुद्ध एक विशेष धर-पकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया डैब में हुई एक बड़ी चोरी के संबंध में त्वरित व गहन खोजबीन करते हुए घटना में संलिप्त 05 आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण माल (शत-प्रतिशत मश्रुका) बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण: आज से करीबन चार माह पूर्व माह फरवरी 2026 में, फरियादी के घर के सभी सदस्य रात्रि के समय गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा सूनेपन का फायदा उठाकर घर के पीछे की खिड़की से अंदर प्रवेश किया गया और अलमारी में रखे सोने-चाँदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सेंधवा ग्रामीण में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
खुलासा एवं गिरफ्तारी: विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, भौतिक साक्ष्यों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साइबर सेल की तकनीकी मदद ली। इसके परिणामस्वरूप पुलिस टीम पाँचों आरोपियों तक पहुँचने और उन्हें संपूर्ण माल सहित गिरफ्तार करने में सफल रही। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी के बाद उन्होंने माल को बराबर हिस्सों में बाँट लिया था और उसे बेचने की फिराक में थे, परंतु इसके पूर्व ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
रिश्तेदार ही निकला मास्टरमाइंड: पकड़े गए आरोपियों में से मुख्य आरोपी राहुल बरडे, फरियादी के ससुराल पक्ष से दूर के साले का लड़का लगता है। राहुल को फरियादी के घर की भौगोलिक स्थिति, परिवार की दिनचर्या और संपत्ति के बारे में पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने अन्य साथियों और रिश्तेदारों को मिलाकर एक गैंग तैयार की और इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ अन्य मददगारों और अपराधियों के नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी सूची तैयार कर पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
(1.) जप्त सामग्री (कुल बरामद मश्रुका कीमती करीबन 12 लाख):
* सोने के जेवरात: चार सोने की चैन, एक मंगलसूत्र, तीन जोड़ झुमके, तीन मोती, एक अंगूठी (कुल वजन: करीबन 5 तोला | अनुमानित कीमत: करीबन 8,00,000/- रुपये)
* चाँदी के जेवरात: एक जोड़ पैर के कड़े, एक जोड़ रमझोल पायल, एक हार, एक जोड़ पैर के वकाले (कुल वजन: करीबन 2 किलोग्राम | अनुमानित कीमत: करीबन 4,00,000/- रुपये)
* कुल बरामदगी: संपूर्ण चोरी गया मसरूखा, कुल अनुमानित कीमत करीबन 12,00,000/- (बारह लाख रुपये)
(2.) गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
* राहुल पिता प्रताप बरडे, जाति भिलाला, उम्र 21 साल, निवासी ग्राम कालापाट, थाना सेंधवा ग्रामीण।
* किशन पिता गंगराम निगवाल, जाति भिलाला, उम्र 20 साल, निवासी ग्राम बोरली, थाना सेंधवा ग्रामीण।
* सचिन उर्फ अनसिंह पिता बारका, जाति भिलाला, उम्र 21 साल, निवासी ग्राम दोदवाडा, थाना सेंधवा ग्रामीण।
* अजय पिता सुबा कनौजे, जाति भिलाला, उम्र 24 साल, निवासी ग्राम मोरदड, थाना सेंधवा ग्रामीण।
* मुकेश पिता सखाराम, जाति भिलाला, उम्र 28 साल, निवासी ग्राम बोरली, थाना सेंधवा ग्रामीण।





