पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “मिशन 3D” (दहेज, दारू, डीजे मुक्त अभियान) के सकारात्मक परिणाम निरंतर सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में थाना पाटी अंतर्गत ग्राम सावरियापानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे द्वारा अपनी पुत्री का विवाह दिनांक 05/04/2026 को थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम सागबारा में “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त तरीके से संपन्न किया गया। उक्त विवाह में दहेज प्रथा का पूर्णतः त्याग किया गया, समारोह को पूर्णतः नशामुक्त रखा गया तथा डीजे का उपयोग नहीं कर ध्वनि प्रदूषण एवं अनावश्यक खर्च से बचाव किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
🔷 *पुलिस द्वारा किया गया सम्मान*
उक्त सराहनीय पहल की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी/डीएसपी (मुख्यालय) श्री महेश सुनैया, थाना प्रभारी पाटी उनि रामदास यादव एवं थाना पाटी तथा चौकी बोकराटा पुलिस स्टाफ द्वारा ग्राम सावरियापानी पहुंचकर हरसिंह जमरे एवं उनके परिवार का सार्वजनिक रूप से पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया।
🔷 *अभियान का उद्देश्य*
“मिशन 3D” का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, नशे की प्रवृत्ति एवं अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों का उन्मूलन कर परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रारंभ इस अभियान का लक्ष्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विवाह जैसे आयोजनों को सरल, सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त बनाना है।
🔷 *पुलिस की अपील*
बड़वानी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस मुहिम से जुड़कर दहेज, दारू एवं डीजे मुक्त विवाह को अपनाएं तथा एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।





