पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस बड़वानी ने पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता एवं निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले के थाना कोतवाली बड़वानी, थाना सिलावद, थाना सेंधवा शहर, थाना सेंधवा ग्रामीण, थाना राजपुर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी को ISO प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

ISO प्रमाणन की प्रक्रिया के तहत ISO टीम द्वारा संबंधित थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेख संधारण, कार्यों की निगरानी, जवाबदेही, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के प्रभावी अनुपालन सहित पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष एवं वात्सल्य कक्ष सहित नागरिकों एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाएं पाए जाने पर ISO प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। निरीक्षण के पश्चात संस्था के सलाहकार श्री एस.के. विद्यार्थी द्वारा डीआईजी निमाड़ रेंज सुश्री सिमाला प्रसाद की उपस्थिति में ISO प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल को प्रदान किया गया।

ISO प्रमाणन की प्रक्रिया के अंतर्गत पुलिस थानों में सकारात्मक एवं मानवीय वातावरण विकसित करने की दिशा में किए गए नवाचारों को भी विशेष महत्व दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिले के सभी थानों की हवालात की दीवारों पर प्रेरक कहानियों, सकारात्मक संदेशों एवं कार्टून के माध्यम से विशेष चित्रांकन कराया गया है। इसका उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को विकसित करना तथा उन्हें अपराध से दूर रहकर बेहतर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

ISO प्रमाणन कार्यक्रम के दौरान डीआईजी निमाड़ रेंज सुश्री सिमाला प्रसाद ने थाना कोतवाली बड़वानी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी थानों की हवालात में किए गए प्रेरक चित्रांकन एवं सकारात्मक संदेशों के संबंध में जानकारी ली। यह पहल पुलिसिंग में सुधारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में बड़वानी पुलिस का अभिनव प्रयास है।

keyboard_arrow_up
Skip to content