बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिलेभर में संचालित “मिशन 3-D” (नो दहेज, नो डीजे, नो दारू) अभियान लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। इसी अभियान से प्रेरित होकर थाना सिलावद क्षेत्र के ग्राम काजलमाता निवासी श्री सखाराम किराड़े द्वारा अपनी पुत्री प्रमिला का विवाह दिनांक 18.05.2026 को पूर्णतः सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त तरीके से संपन्न कराया गया। बिना दहेज, बिना डीजे एवं बिना दारू के संपन्न हुए इस विवाह ने क्षेत्र में एक प्रेरणादायक संदेश देते हुए समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

🔷 जनसंवाद से मिली प्रेरणा, निभाया सामाजिक संकल्प

कुछ दिन पूर्व थाना सिलावद द्वारा ग्राम काजलमाता में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान श्री सखाराम किराड़े ने अपनी पुत्री का विवाह “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न कराने का संकल्प लिया था। उन्होंने अपने वचन को निभाते हुए सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर सादगीपूर्ण विवाह आयोजित किया, जिसकी उपस्थित ग्रामीणजनों द्वारा सराहना की गई।

🔷 पुलिस अधिकारियों ने नवदंपति को दिया आशीर्वाद

श्री सखाराम किराड़े के निमंत्रण पर डीएसपी श्री महेश सुनैया, डीएसपी श्री निलेश्वरी डावर, थाना प्रभारी सिलावद उनि. रामकृष्ण लौवंशी, महिला थाना प्रभारी सुनिता मुजाल्दा, थाना प्रभारी पाटी रामदाय यादव, यातायात प्रभारी उनि. रजनी भार्गव, सायबर शाखा प्रभारी उनि. रितेश खत्री बड़ी संख्या में पुलिस बल विवाह समारोह में शामिल हुए। अधिकारियों द्वारा नवदंपति को शुभकामना संदेश एवं उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा श्री सखाराम किराड़े एवं उनकी धर्मपत्नी को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा पारंपरिक मादल वादकों का सम्मान कर लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। साथ ही बड़वानी पुलिस द्वारा वर वधु को हेलमेट भी प्रदान किए गए

🔷 ग्रामीणों को किया जागरूक, सादगीपूर्ण विवाह अपनाने की अपील

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणजनों को सायबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही दहेज, डीजे एवं दारू जैसी सामाजिक कुरीतियों को त्यागकर सादगीपूर्ण विवाह अपनाने की अपील की गई। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता श्री पप्पू पटेल, ग्राम सरपंच, पटेल, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

keyboard_arrow_up
Skip to content