बड़वानी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी राजपुर श्री बी.एल. अटोदे के कुशल मार्गदर्शन में थाना जुलवानिया पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 20.11.2026 को थाना जुलवानिया पुलिस द्वारा कस्बा गश्त, वाहन चेकिंग और एबी रोड पर पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान डायल-112 पर तैनात आरक्षक (क्रमांक 356) वीरेन्द्र बालके से सूचना प्राप्त हुई कि एबी रोड बकवाड़ी स्थित ‘श्री शिव कृपा होटल’ के सामने अवैध शराब से भरी एक संदिग्ध ईको कार खड़ी है।
सूचना मिलते ही थाना जुलवानिया पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। वहां एक सफेद रंग की ईको कार (क्रमांक MP09-DU-5072) लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसका चालक पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया था। गवाहों के समक्ष वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर कार के अंदर बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की देशी-विदेशी शराब और बीयर छिपाकर रखी हुई पाई गई।
जप्त किए गए मशरूका का विवरण:
* अवैध शराब व बीयर: विभिन्न ब्रांड की 12 बोतल, 1388 पाव शराब एवं 328 बीयर केन (अनुमानित कीमत: ₹1,84,400/-)
* परिवहन में प्रयुक्त वाहन: सफेद रंग की ईको कार क्र. MP09-DU-5072 (अनुमानित कीमत: ₹5,00,000/-)
* अन्य सामग्री: शराब ढकने हेतु प्रयुक्त 02 काले कपड़े (कीमत: ₹200/-)
* कुल जप्त संपत्ति (मशरूका): ₹6,84,600/-
वैधानिक कार्रवाई:
आरोपी चालक द्वारा शराब के परिवहन एवं आधिपत्य के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञप्ति नहीं होने से यह कृत्य मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के तहत दंडनीय पाया गया। थाना जुलवानिया में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी एवं फरार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

keyboard_arrow_up
Skip to content